– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
‘धरोहर’ के दूसरे दिन अंतर-सदन समूहगान प्रतियोगिता में नन्हे सुरसाधकों ने बिखेरा राष्ट्रप्रेम का रंग, सतलज और जमुना सदन बने संयुक्त विजेता
बोकारो, 05 अगस्त। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो की प्राइमरी इकाई के तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव ‘धरोहर’ के दूसरे दिन आयोजित अंतर-सदन समूहगान प्रतियोगिता में देशभक्ति के गीतों की गूंज से पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया। तिरंगे की छटा बिखेरते आकर्षक परिधानों में सजे नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत माता के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्ररक्षा के संकल्प का संदेश दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सतलज और जमुना सदन को संयुक्त विजेता घोषित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। गीतों के माध्यम से उन्होंने नए भारत की शक्ति, देश के अमर बलिदानियों के प्रति श्रद्धांजलि तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया। सुर, लय और भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
संगीतमय कार्यक्रम की शुरुआत गंगा सदन की प्रस्तुति ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’ से हुई। इसके बाद चेनाब सदन ने ‘आगे बढ़ो विश्व में बजा दो डंका’, झेलम सदन ने ‘या रब रहे सलामत, भारत हमारा भारत’, रावी सदन ने ‘हम सब भारतीय हैं’, सतलज सदन ने ‘चलो जवानो बढ़ो जवानों मां ने हमें पुकारा है’ तथा जमुना सदन ने ‘हिन्दुस्तां का परचम सदा लहराते रहेंगे हम’ गीत प्रस्तुत कर राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त स्वर दिए।
सुर, लय, समूह समन्वय, मंच प्रस्तुति, परिधान एवं अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर सतलज और जमुना सदन को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। गंगा सदन द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि झेलम और रावी सदन ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण विजेता है। उन्होंने कहा कि संगीत आत्मा को शांति, ऊर्जा और सकारात्मकता प्रदान करता है तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए नन्हे कलाकारों और प्राइमरी विंग के सभी शिक्षकों को बधाई दी।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन वरिष्ठ संगीत शिक्षक मृत्युंजय भट्टाचार्य, विक्की आनंद पाठक और शुभोजीत मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का संचालन छात्र चिरंजीत एवं अदिति ने किया।

