₹4 हजार रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

बेगूसराय सदर अंचल कार्यालय में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई, मुआवजा राशि दिलाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप

बेगूसराय, 07 अगस्त। भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बेगूसराय सदर अंचल कार्यालय में कार्यरत निम्नवर्गीय लिपिक-सह-नाजिर सोनू कुमार को ₹4,000 रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया।

मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 094/26, दिनांक 06 अगस्त 2026 को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता दौलती देवी, पति जवाहर सहनी, निवासी चांदपुरा, थाना नीमा चांदपुरा, जिला बेगूसराय ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, आरोपी लिपिक द्वारा शिकायतकर्ता की पुत्री की अप्राकृतिक मृत्यु के बाद सरकार से मिलने वाली मुआवजा राशि की निकासी के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद निगरानी ब्यूरो ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई।

आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना में मामला दर्ज किया गया। अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक योगेन्द्र कुमार के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया।

धावादल ने निर्धारित कार्रवाई के तहत बेगूसराय सदर अंचल कार्यालय पहुंचकर आरोपी सोनू कुमार को ₹4,000 रिश्वत लेते हुए उसके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार कर लिया। निगरानी ब्यूरो की टीम ने मामले से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ब्यूरो के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई जारी है।