– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बोकारो ट्रैफिक थाना के एएसआई राज्यस्तरीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता के लिए चयनित
बोकारो, 20 अगस्त। बोकारो यातायात थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) ओशो प्रदीप ने पुलिस ड्यूटी के साथ शूटिंग के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। कोयला क्षेत्रीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता 2026-27 में उत्कृष्ट निशानेबाजी के दम पर उन्होंने राज्यस्तरीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता के लिए स्थान पक्का किया है। उनकी उपलब्धि से बोकारो जिला पुलिस बल में खुशी का माहौल है।
5.56 एमएम इंसास राइफल में 90 अंक
झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप-4), बोकारो के फायरिंग रेंज में आयोजित क्षेत्रीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन जैप-4 के कमांडेंट ऋषभ कुमार झा (आईपीएस) ने किया। प्रतियोगिता में बोकारो और धनबाद पुलिस के चयनित पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में एएसआई ओशो प्रदीप ने 5.56 एमएम इंसास राइफल से 200 गज की दूरी पर निलिंग पोजीशन फायरिंग में 100 में से 90 अंक हासिल कर पूरे रीजन में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
9 एमएम कार्बाइन में भी रहा दबदबा
9 एमएम कार्बाइन फायरिंग के विभिन्न इवेंट में भी ओशो प्रदीप का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 40 गज स्टैंडिंग पोजीशन, 50 गज निलिंग पोजीशन और 50 गज प्रोन पोजीशन में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 25 गज बैटल क्रॉस पोजीशन में उन्होंने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इस प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राज्यस्तरीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
जमीनी पुलिसिंग में भी निभाई अहम भूमिका
ओशो प्रदीप की पहचान केवल एक अच्छे निशानेबाज के रूप में नहीं है। यातायात थाना में अपनी ड्यूटी के दौरान वे आम लोगों के साथ सरल व्यवहार और त्वरित सूझबूझ के लिए भी जाने जाते हैं।
बताया गया है कि कुछ माह पहले उन्होंने एक कथित फर्जी सीआरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट को गिरफ्तार कर जेल भेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा गुमशुदा एवं असहाय लोगों को उनके परिजनों तक पहुंचाने तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने में भी उनकी भूमिका रही है।
राज्य स्तर पर पदक की उम्मीद
ओशो प्रदीप के राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर बोकारो पुलिस के वरीय अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें बधाई दी है। पुलिस अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि क्षेत्रीय प्रतियोगिता की तरह राज्यस्तर पर भी वे उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करेंगे और बोकारो का नाम रोशन करेंगे।

