– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
जेम के माध्यम से सेवा अनुबंध पर विशेष प्रशिक्षण, करीब 50 अधिकारियों ने लिया हिस्सा
बोकारो : 21 अगस्त 2026
बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में अधिकारियों के लिए गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) के माध्यम से सेवा अनुबंध विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य सेवा अनुबंधों की प्रक्रिया में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और वैधानिक अनुपालन को मजबूत करना था। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के करीब 50 अधिकारियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया।
उद्घाटन सत्र में अधिशासी निदेशक (संकार्य) के साथ मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास), मुख्य महाप्रबंधक (सर्विसेज), मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) सह एसीवीओ, जेम विशेषज्ञ और कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य महाप्रबंधक (एचआरडी) के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने जेम के माध्यम से सेवा अनुबंधों की बढ़ती उपयोगिता और आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों को डिजिटल प्रक्रियाओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सेवा अनुबंध प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान जेम पोर्टल के विशेषज्ञ ने सेवा अनुबंध प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों को सेवा अनुबंध प्रक्रिया, बिड प्रबंधन, अनुबंध प्रशासन और वैधानिक अनुपालन की आवश्यकताओं से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम को ऑनलाइन जूम लिंक के माध्यम से भी संचालित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों ने डिजिटल माध्यम से भाग लिया। ऑनलाइन सत्र में अधिकारियों ने जेम आधारित सेवा अधिप्राप्ति प्रक्रिया को समझने के साथ अनुबंध प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक सवाल पूछे और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।
बीएसएल के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम से सेवा अनुबंधों के प्रबंधन में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने में मदद मिलेगी। डिजिटल प्रक्रियाओं के माध्यम से अनुबंध प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित और समयबद्ध बनाने के साथ अधिकारियों के निरंतर क्षमता संवर्धन पर भी जोर दिया जा रहा है।

