नौबतपुर में अवैध हथियार के साथ एक गिरफ्तार

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव, मुख्य संपादक सह प्रकाशक

छोटकी कोपा मशरूम फैक्ट्री के पास बगीचे में छापेमारी, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

पटना/नौबतपुर, 21 अगस्त 2026। नौबतपुर थाना क्षेत्र के छोटकी कोपा स्थित मशरूम फैक्ट्री के पास बगीचे में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति किसी अप्रिय या आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

प्राप्त सूचना के आलोक में नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, पटना के निर्देशानुसार दानापुर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में नौबतपुर थानाध्यक्ष ने छापामारी दल का गठन किया। टीम ने छोटकी कोपा मशरूम फैक्ट्री के पास बगीचे में छापेमारी की। पुलिस बल को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मंटू कुमार, उम्र करीब 25 वर्ष, पिता बचन सिंह, निवासी छोटकी कोपा, थाना नौबतपुर, जिला पटना के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार एवं कारतूस जब्त करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू की।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में नौबतपुर थाना कांड संख्या 630/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस दस्तावेज के अनुसार मामले में धारा 25(1-B) तथा 26/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में नौबतपुर थाना के थानाध्यक्ष मंजीत कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Verified by MonsterInsights