शाहपुर में हथियार के साथ चार गिरफ्तार

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

वाहन जांच के दौरान तीन संदिग्ध पकड़े गए, पूछताछ के बाद चौथे आरोपी तक पहुंची पुलिस

पटना : 22 अगस्त 2026

पटना के पश्चिमी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान शाहपुर थाना पुलिस ने हथियार के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 21 अगस्त 2026 को लोधीपुर चांदमारी के पास वाहन जांच के दौरान की गई।

पुलिस के अनुसार वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस बल ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन तीनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।

पूछताछ में चौथे आरोपी का नाम सामने आया

गिरफ्तार आरोपियों से हथियार और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान बिट्टून शर्मा, पिता स्वर्गीय सुदामा शर्मा, निवासी गंगहारा, थाना शाहपुर, पटना का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार हथियार उपलब्ध कराने में उसकी भूमिका बताई गई।

पुलिस का कहना है कि हथियार के बल पर रंगदारी, अवैध बालू खनन और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने बिट्टून शर्मा के ठिकाने पर छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में शाहपुर थाना कांड संख्या 349/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B), 26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों में अभिनंदन कुमार उर्फ अंकित कुमार, बसंत कुमार, आदित्य राज और बिट्टून शर्मा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी शाहपुर थाना क्षेत्र के गंगहारा गांव के रहने वाले हैं।

कार्रवाई में शाहपुर थाना के थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार, पप्पू कुमार, अनुज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मदन किशोर सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

बरामदगी

  • देशी पिस्टल : 01
  • जिंदा कारतूस : 09
  • मोबाइल फोन : 03

पुलिस के अनुसार पश्चिमी पटना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए विशेष समकालीन अभियान के तहत लगातार वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।