फैक्ट्री में टरबाइन ब्लास्ट से तीन इंजीनियरों की दर्दनाक मौत

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

रामगढ़ की मां छिन्नमस्तिका इस्पात फैक्ट्री में हादसा, ओवरहीटिंग से लगी भीषण आग; एक गंभीर

रामगढ़, 22 अगस्त: हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात टरबाइन में हुए भीषण विस्फोट से तीन इंजीनियरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गया।

फैक्ट्री में कार्यरत इंजीनियर अमित कुमार के अनुसार, टरबाइन पैनल कंट्रोल रूम का एयर कंडीशनर (AC) पिछले कई दिनों से खराब था। इसकी शिकायत प्रबंधन से की गई थी, लेकिन कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। शुक्रवार रात करीब 11:10 बजे ओवरहीटिंग के कारण पैनल सिस्टम फेल हो गया। ड्यूटी पर तैनात इंजीनियरों ने इमरजेंसी सिस्टम चालू करने की कोशिश की, लेकिन वह सक्रिय नहीं हो सका और जोरदार धमाके के साथ टरबाइन ब्लास्ट हो गया।

धमाके के बाद टरबाइन का गर्म तेल फैलने से प्लांट में भीषण आग लग गई। हादसे में शिफ्ट इंचार्ज संजीव केसरी (धनबाद हाउसिंग कॉलोनी), इंजीनियर अभिषेक पांडेय (नगर ऊंटारी) और इंजीनियर विनीत महतो (जोगेश्वर बिहार) की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल इंजीनियर तरुण रवानी (हजारीबाग) को बेहतर इलाज के लिए रांची के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से फैक्ट्री कर्मियों में प्रबंधन की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।

Verified by MonsterInsights