– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बोकारो थर्मल ओवरब्रिज पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, साइन बोर्ड और स्पीड ब्रेकर भी बनेंगे
बोकारो थर्मल, 22 अगस्त: बोकारो थर्मल स्थित दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए डीवीसी प्रबंधन ने सुरक्षा के कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसके तहत ओवरब्रिज पर क्रैश बैरियर लगाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
डीवीसी के परियोजना प्रमुख सुशील कुमार अरजरिया के निर्देश पर शनिवार को डीजीएम विद्युत सुरजीत सिंह, वरीय प्रबंधक विद्युत संदीप भगत, प्रबंधक गुंजन कुमार, वरीय प्रबंधक सिविल सरफराज शेख एवं अर्घा बसु ने निरीक्षण के दौरान बताया कि आरओबी के नीचे और आसपास कई दुकानें संचालित हैं। राहगीरों और दुकानदारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहनों को दुकानों में घुसने से रोकने के लिए यह क्रैश बैरियर बनाया जा रहा है।
अधिकारियों ने अतिक्रमण या पार्टीशन से जुड़ी अफवाहों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि दुकानों तक आवागमन के लिए पर्याप्त रास्ता दिया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ओवरब्रिज पर चेतावनी साइन बोर्ड लगाए जाएंगे तथा कथारा से डीवीसी अस्पताल जाने वाले मार्ग पर गति नियंत्रण हेतु स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे। डीवीसी की इस जनहितैषी पहल का स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने स्वागत किया है।

