रात के अंधेरे में घटिया निर्माण, NH-218 चौड़ीकरण में अनियमितता का आरोप

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

बोकारो जिला बीससूत्री उपाध्यक्ष ने उठाई उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

चंदनकियारी (बोकारो), 23 अगस्त: धनबाद से पुरुलिया (पश्चिम बंगाल सीमा) तक राष्ट्रीय उच्चपथ (एनएच-218) के चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण कार्य में प्राक्कलन के तय मापदंडों की अनदेखी का मामला सामने आया है। बोकारो जिला बीससूत्री कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सह जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल ने निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

देवाशीष मंडल ने बताया कि राष्ट्रीय उच्चपथ प्रमंडल धनबाद की देखरेख में संवेदक मेसर्स प्रीति एंटरप्राइजेज द्वारा एनएच-218 का चौड़ीकरण और नाली निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में नियमों को दरकिनार किए जाने से सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है और भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यस्थल पर अभियंताओं की मौजूदगी नहीं रहती और गड़बड़ियों पर पर्दा डालने के लिए ट्रैफिक का बहाना बनाकर अधिकांश काम रात के अंधेरे में कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, नालियों का निर्माण सड़क तल से काफी ऊंचा कर दिए जाने के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे सड़क पर जलजमाव और आवागमन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने जनहित में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित संवेदक और अभियंताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।