– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
रामनगर करारी कछार पंचायत के विकास से लेकर जन-सेवा तक समर्पित पूर्व मुखिया व पैक्स अध्यक्ष; समर्थकों में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर उत्साह
बाढ़, 24 अगस्त : पटना जिले के अथमलगोला प्रखंड अंतर्गत रामनगर करारी कछार पंचायत के पूर्व मुखिया सह वर्तमान पैक्स अध्यक्ष संतोष सिंह अपनी मृदुभाषी छवि, व्यवहार कुशलता और निरंतर जनसेवा के चलते क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं। लगभग दो दशकों से राजनीति में सक्रिय संतोष सिंह की पहचान केवल उनके गृह पंचायत तक सीमित न रहकर पूरे बाढ़ अनुमंडल और प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक फैली हुई है। केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) के करीबियों में शुमार संतोष सिंह सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं।
संतोष सिंह और उनका परिवार लंबे समय से स्थानीय जन-प्रतिनिधित्व में अग्रणी भूमिका निभाता आ रहा है। वर्ष 2011 से 2016 तक उनकी पत्नी रूबी देवी रामनगर करारी कछार पंचायत की मुखिया रहीं, जिसके बाद 2016 से 2021 तक खुद संतोष सिंह ने बतौर मुखिया क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा वे लगातार पैक्स अध्यक्ष पद पर काबिज रहकर किसानों और ग्रामीणों के हितों के लिए कार्य कर रहे हैं।
हालांकि 2021 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में संतोष सिंह मुखिया पद और उनकी पत्नी रूबी देवी अथमलगोला प्रखंड से जिला परिषद सदस्य पद के लिए चुनावी मैदान में थे। विरोधियों के दुष्प्रचार और भ्रामक प्रचार के कारण दोनों को सीमित अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद संतोष सिंह ने जनसेवा का मार्ग नहीं छोड़ा और लगातार ग्रामीणों के बीच सुख-दुख में मौजूद रहे।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्व मुखिया संतोष सिंह की स्वच्छ छवि, स्पष्टवादिता और कर्मठता से घबराकर कुछ विरोधी मनगढ़ंत बातें फैलाते हैं, लेकिन आम जनता के बीच उनका सम्मान अटूट है। क्षेत्र में चर्चा जोरों पर है कि आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में संतोष सिंह एक बार फिर रामनगर करारी कछार पंचायत से मुखिया और उनकी पत्नी रूबी देवी जिला परिषद पद के लिए प्रबल दावेदार के रूप में चुनावी समर में उतर सकते हैं।

