कामकाजी महिला छात्रावास ‘आकांक्षा’ का उद्घाटन

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

50 महिलाओं के लिए 24×7 आवासीय सुविधा, आवास शुल्क नहीं; भोजन के लिए 3,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित

भागलपुर, 24 अगस्त। मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत बिहार महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित कामकाजी महिला छात्रावास ‘आकांक्षा’ का सोमवार को भागलपुर के आदमपुर स्थित परिसर में उप विकास आयुक्त रवि राकेश ने विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रावास में रहने वाली कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

डीडीसी रवि राकेश ने कहा कि छात्रावास का उद्देश्य केवल आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक, भरोसेमंद और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रवेश-निकास की निगरानी, आगंतुकों के सत्यापन, रात्रिकालीन सुरक्षा, आपातकालीन सहायता तथा महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निवारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

50 कामकाजी महिलाओं के लिए आवासीय सुविधा

‘आकांक्षा’ छात्रावास में 50 कामकाजी महिलाओं के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध है। छात्रावास 24 घंटे संचालित रहेगा। यहां रहने के लिए कोई आवासीय शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि भोजन के लिए 3,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है।

इस सुविधा से रोजगार एवं शिक्षा के सिलसिले में भागलपुर में रहने वाली महिलाओं को कम खर्च में सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो सकेगा। छात्रावास में स्वच्छ पेयजल, बिजली और सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं के साथ मनोरंजन एवं खेल की व्यवस्था भी की गई है। यहां टीवी, फ्रिज, कैरम, लूडो और बैडमिंटन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

डीडीसी ने कहा कि सुरक्षित आवास महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिलने से महिलाएं बिना चिंता के अपने रोजगार, शिक्षा और करियर पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकेंगी।

छह कर्मियों को मिला चयन पत्र

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान छात्रावास के सुचारू संचालन के लिए अधीक्षिका समेत चयनित छह कर्मियों को चयन पत्र प्रदान किया गया। चयनित कर्मियों को छात्रावास की व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन, अनुशासन, सुरक्षा तथा यहां रहने वाली महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई।

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू

‘आकांक्षा’ छात्रावास में रहने की इच्छुक पात्र कामकाजी महिलाएं सोमवार से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर पात्र महिलाएं छात्रावास की सुविधा का लाभ उठा सकती हैं।

अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उद्घाटन कार्यक्रम में अंकिता चौधरी, डीआरडीए के निदेशक सह जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह जिला कल्याण पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम के अंकित चौधरी, भागलपुर के डीपीडम मणिशंकर, डीएचईडब्ल्यू के डीएमसी तबरेज खान, जेंडर स्पेशलिस्ट विवेक कुमार, फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट अभिषेक सुमन तथा वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक मोना कुमारी सहित महिला एवं बाल विकास निगम एवं जिला प्रशासन के संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

उपस्थित पदाधिकारियों ने छात्रावास की विभिन्न व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही इसके सुचारू संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की।

अधिकारियों ने कहा कि ‘आकांक्षा’ केवल एक छात्रावास नहीं, बल्कि कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवास, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Verified by MonsterInsights