संत रविदास जयंती पर समरसता संकल्प अभियान

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

11 कलश यात्रा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर प्रखंडों के लिए किया गया रवाना, 2,751 अनुसूचित जाति टोलों में पहुंचेगा अभियान

मुजफ्फरपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान के तहत मुजफ्फरपुर समाहरणालय से 11 कलश यात्रा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले के सभी प्रखंडों के लिए रवाना किया गया। विधायक रंजन कुमार, जिला पदाधिकारी कुमार गौरव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने वाहनों को रवाना किया।

इन कलश यात्रा वाहनों को निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार जिले के 2,751 अनुसूचित जाति टोलों में ले जाया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रखंड विकास पदाधिकारियों के निर्देशन में वाहनों का संचालन तत्काल प्रभाव से किया जाएगा।

चार प्रमुख घटकों पर आधारित है अभियान

जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि सरकार के निर्देश के अनुसार संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर सभी अनुसूचित जाति टोलों में समरसता संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग द्वारा अभियान को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के चार प्रमुख घटक हैं—कलश यात्रा, गुरु संत रविदास विकास शिविर, आईईसी वाहनों के माध्यम से सरकारी योजनाओं एवं समरसता संकल्प अभियान का प्रचार-प्रसार तथा अन्य गतिविधियां।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति आबादी वाले सभी टोलों में सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना है।

27 अगस्त से शुरू होंगे विकास शिविर

जिला पदाधिकारी ने बताया कि संत श्री रविदास विकास शिविर सभी अनुसूचित जाति टोलों में 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को माइक्रो-प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

कुल 1,131 शिविरों के माध्यम से 2,751 महादलित टोलों को आच्छादित किया जाएगा। शिविरों का आयोजन संबंधित टोल या टोला क्लस्टर के निकट स्थित सरकारी भवन अथवा अन्य सार्वजनिक स्थल पर किया जाएगा। शिविरों की तिथि एवं स्थल की जानकारी विकास मित्रों के माध्यम से संबंधित टोलों में पहुंचाई जाएगी।

22 योजनाओं का मिलेगा लाभ

विकास शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका निष्पादन किया जाएगा तथा पात्र लाभुकों को संबंधित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

इनमें राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, विद्यालय में प्रवेश, आंगनबाड़ी, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, कुशल युवा कार्यक्रम एवं कौशल विकास, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, वास भूमि एवं बंदोबस्ती, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, हर घर नल-जल, जॉब कार्ड, जीविका, विद्युत कनेक्शन, मुख्यमंत्री टोला संपर्क योजना और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण सहित 22 योजनाएं शामिल हैं।

शिविरों के लिए संबंधित विभागों, पंचायत स्तरीय कर्मियों एवं प्रखंड स्तरीय पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों से पहले आवेदन प्राप्त कर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और पात्रता के अनुसार लाभ का वितरण शिविर में किया जाए।

आईईसी वैन से होगा योजनाओं का प्रचार-प्रसार

कलश यात्रा वाहनों के अलावा सरकारी योजनाओं और समरसता संकल्प अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आईईसी वैन भी संचालित की जाएगी। इन वाहनों को सितंबर से अक्टूबर तक निर्धारित रूट प्लान के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में भेजा जाएगा।

अभियान के तहत जिला स्तरीय अंतर विद्यालय खेल प्रतियोगिता, साइकिल रैली, वाद-विवाद, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के साथ 3D प्रिंटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंडस्ट्री 4.0 से संबंधित विशेष कौशल प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। डॉ. बी.आर. अंबेडकर आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रेरणादायी दौरे भी अभियान का हिस्सा होंगे।

मुजफ्फरपुर में संचालित हैं चार अंबेडकर आवासीय विद्यालय

जिला पदाधिकारी ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के तहत मुजफ्फरपुर जिले में पोखरैरा, राजवाड़ा, बोचहां एवं मुरौल में चार अंबेडकर आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें कुल 1,116 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। विद्यार्थियों को आवासन, अध्ययन एवं भोजन सहित आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल क्लास, पुस्तकालय और खेलकूद की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। पारू, मोतीपुर, सकरा, बंदरा एवं कुढ़नी प्रखंडों में पांच अतिरिक्त आवासीय विद्यालयों की स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा दी गई है और इनके निर्माण की प्रक्रिया विभिन्न चरणों में है।

छह कल्याण छात्रावासों में 480 छात्र-छात्राएं

जिले में छह डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास संचालित हैं, जिनमें कुल 480 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इन्हें मुख्यमंत्री अनुदान योजना के तहत 2,000 रुपये प्रतिमाह तथा मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के तहत प्रति माह 15 किलोग्राम खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें नौ किलो चावल और छह किलो गेहूं शामिल है। छात्रावासों में पुस्तकालय एवं डिजिटल क्लास की सुविधा भी उपलब्ध है।

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सिकंदरपुर में सावित्री बाई फुले छात्रावास के निर्माण की स्वीकृति भी राज्य सरकार द्वारा दी गई है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी की सुविधा

बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर परिसर में बीपीएससी, रेलवे, बैंक एवं एसएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी के लिए प्राक् परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र संचालित है।

केंद्र में नामांकित 120 छात्रों को 1,500 रुपये तथा अन्य जिलों के छात्रों को 3,000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दिए जाने की जानकारी जिला प्रशासन की ओर से दी गई।

जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग एवं क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास और नगर विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को सजग एवं तत्पर रहकर योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।