बोकारो स्टेशन पर मिलीं दो भटकी बच्चियां, पुलिस ने परिजनों से मिलाया

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

पारिवारिक विवाद के बाद यूपी से ट्रेन पकड़कर पहुंची थीं बोकारो, पुलिस की तत्परता से सुरक्षित घर लौटीं

बोकारो | 24 अगस्त 2026 : बोकारो रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह दो नाबालिग बच्चियां भटकती हुई मिलीं। सूचना मिलते ही बोकारो पुलिस ने तत्काल दोनों को सुरक्षित बरामद कर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि दोनों बच्चियां पारिवारिक कलह के कारण उत्तर प्रदेश स्थित अपने घर से निकल गई थीं।

पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चियों ने मुगलसराय स्टेशन से ट्रेन पकड़ी थी। सफर के दौरान नींद आ जाने के बाद जब उनकी आंख खुली तो वे बोकारो रेलवे स्टेशन पर उतर गईं और स्टेशन परिसर में इधर-उधर घूम रही थीं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चियों के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। आवश्यक जानकारी और सत्यापन के बाद दोनों बच्चियों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस से भी आवश्यक जांच करने का आग्रह किया गया है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने की अपील

बोकारो पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार के निर्देश पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से जुड़े गुमशुदगी के मामलों में सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी बच्चे, महिला या बुजुर्ग के लापता होने अथवा भटकने की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या 112 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Verified by MonsterInsights