– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और साइबर जागरूकता पर जोर, हर गुरुवार को लगेगा थाना दिवस
बोकारो/कसमार, 16 सितंबर 2026 : बोकारो पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देशानुसार बुधवार को कसमार थाने का वार्षिक निरीक्षण संपन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी एवं पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विधि-व्यवस्था और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई तथा अनुसंधानकर्ताओं को 60 से 90 दिनों के भीतर कांडों का निष्पादन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में आपराधिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी प्रस्ताव भेजने, वारंटों का त्वरित निष्पादन करने, ई-सम्मन की समय पर तामिला कराने और नियमित एंटी-क्राइम चेकिंग चलाने को कहा गया। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने तथा हादसों में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया। महिला अपराधों पर अंकुश लगाने, साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने और आम जनता से प्राप्त आवेदनों की समयबद्ध जांच करने के निर्देश दिए गए। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु कसमार थाने में प्रत्येक गुरुवार को ‘थाना दिवस’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान मालखाना पंजी, लूट पंजी, डकैती पंजी, गुंडा पंजी, सी०डी० पार्ट-1, 2, 3, अल्फाबेटिकल रजिस्टर, प्राप्ति पंजी और सीसीटीएनएस (CCTNS) सहित सभी अभिलेखों की जांच कर उन्हें अद्यतन करने का आदेश दिया गया।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर चोरी और गृहभेदन जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जेल से छूटे अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा क्षेत्र में नियमित गश्ती व पेट्रोलिंग तेज करने का निर्देश थाना प्रभारी को दिया गया।
