– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
मानव श्रृंखला बनाकर कर्मचारियों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने पर जोर
बोकारो | 24 अगस्त 2026 : बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के यूटिलिटीज विभाग के अंतर्गत सिविल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट, वाटर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट, गैस यूटिलिटी और एयर कंडीशनिंग वेंटिलेशन सिस्टम विभाग की ओर से संयुक्त रूप से ‘संगच्छध्वम् 2026- यूनाइटेड यूटिलिटीज, अनकम्प्रोमाइज्ड सेफ्टी’ सुरक्षा पखवाड़े की शुरुआत की गई।
पखवाड़े का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और संविदाकर्मियों के बीच सुरक्षा जागरूकता, सामूहिक जिम्मेदारी और एकजुटता को मजबूत करना है। इसके माध्यम से संयंत्र में सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
सुरक्षा पखवाड़े के पहले कार्यक्रम के तहत मुख्य प्लांट-प्लाजा रोड पर बड़ी मानव श्रृंखला बनाई गई। इसमें अधिकारियों, नियमित कर्मचारियों और संविदाकर्मियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने बैनर और नारों के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संदेश दिया।
सुरक्षा को बताया सामूहिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम का शुभारंभ अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप दत्त ने किया। उन्होंने सुरक्षा को प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक और सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कर्मचारियों से ‘जीरो हार्म’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कार्यस्थल पर लगातार सजग और सतर्क रहने की अपील की। कार्यक्रम में यूटिलिटीज और सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
क्विज से लेकर नुक्कड़ नाटक तक होंगे आयोजन
सुरक्षा पखवाड़े के दौरान कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए कई रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सेफ्टी क्विज, नुक्कड़ नाटक, सेफ्टी वॉल आर्ट, ड्रॉइंग प्रतियोगिता, टूल बॉक्स टॉक और लाइन ऑफ फायर चैलेंज प्रमुख हैं।
इन गतिविधियों के जरिए कर्मचारियों को संभावित खतरों की समय रहते पहचान करने, सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उद्देश्य सुरक्षा को केवल नियमों तक सीमित न रखकर दैनिक कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाना है।

