सावन महोत्सव में मैथिलानी समूह ने मनाया 11वां स्थापना दिवस

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गीत-संगीत और नृत्य से सजा समारोह, सुजाता झा बनीं सावन क्वीन

बोकारो | 24 अगस्त 2026: सखी बहिनपा मैथिलानी समूह, बोकारो इकाई की ओर से बोकारो क्लब परिसर में सावन महोत्सव सह 11वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और महाकवि विद्यापति रचित भगवती वंदना ‘जय जय भैरवि असुर भयाउनि…’ के सामूहिक गायन से हुई।

समारोह में मैथिली संस्कृति की रंग-बिरंगी छटा देखने को मिली। प्रीति राय ने गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि ऊषा झा, नूतन झा, सुजाता झा, जयंती पाठक और संजीता भुवनेश ने ‘सिया जी बहिनिया हमार हो राम लगीहें पहनुमा…’ गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

नमिता झा, बीणा झा और रेणुका झा ने सावन एवं मैथिली संस्कृति से जुड़े गीतों की प्रस्तुति दी। अमिता झा ने सखी बहिनपा पर आधारित कविता प्रस्तुत की।

सुजाता झा बनीं सावन क्वीन

समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। सावन क्वीन प्रतियोगिता में सुजाता झा ने खिताब जीता, जबकि आशा पाठक फर्स्ट रनरअप और पूनम झा सेकंड रनरअप रहीं। नूतन झा को बेस्ट पर्सनैलिटी का पुरस्कार मिला।

गेम प्रतियोगिता में किरण मिश्रा ने प्रथम, शारदा चौधरी ने द्वितीय और रेणुका झा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सावन क्वीन प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में किरण मिश्रा, आशा झा और नूतन झा शामिल रहीं।

प्रीति प्रिया सम्मानित

दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मलंगिया महोत्सव में मिथिला सांस्कृतिक परिषद, बोकारो की नाटक टीम में शामिल समूह की सदस्य प्रीति प्रिया को सम्मानित किया गया। परिषद के महासचिव की पत्नी बीनू चौधरी ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके अभिनय की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन ऊषा झा ने किया। समारोह में डॉ. मंजू झा, पूनम झा, रूबी ठाकुर, अलका झा, रीता झा, रीमा, मुन्नी झा, रेखा झा, प्रेरणा ओझा, किरण झा सहित कई सदस्य मौजूद रहीं।