– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
बिहार के ‘काशी’ नाम से प्रसिद्ध बाढ़ के उत्तरायण गंगा तट पर लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
पटना/बाढ़, 24 अगस्त। पवित्र सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर अनुमंडल बाढ़ स्थित ऐतिहासिक ‘उमानाथ महादेव’ मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं ने उत्तरायण गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई और वहां से पवित्र गंगाजल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
राजधानी पटना से लगभग 70 किलोमीटर दूर स्थित बाढ़ को बिहार का ‘काशी’ (बनारस) भी कहा जाता है। मान्यता है कि मनोकामना सिद्ध उमानाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के साथ राज्य के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं का तांता सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिर परिसर में लगा रहा।
उमानाथ महादेव के अलावा बाढ़ अनुमंडल के अलखनाथ, बाल शनिधाम, गौरी-शंकर, पोस्ट ऑफिस घाट और बनारसी घाट पर भी दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने सोमवारी का व्रत रखा और शिव मंदिरों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय अनुमंडल पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक एवं पूजा-संपन्न की।

