– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
पुलिस ने पडेयचक गांव में की छापेमारी, 3 बैट्री व एक मोटर भी जब्त; फरार अभियुक्त की तलाश जारी
पटना/पालीगंज, 25 अगस्त: पटना पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े मामले का सफल उद्भेदन करते हुए पालीगंज थाना क्षेत्र से चोरी का एक ऑटो (टेम्पू), दो मोटरसाइकिल, एक मोटर और तीन बैट्री बरामद की हैं।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पालीगंज-1 के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि पालीगंज थाना क्षेत्र के पडेयचक गांव में एक व्यक्ति अपने घर में चोरी के वाहन छिपाकर रखे हुए है।
छापेमारी दल ने पडेयचक स्थित संतोष यादव (पिता: छोटन यादव) के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी घर पर मौजूद नहीं मिला, लेकिन उसके परिसर से चोरी का एक ऑटो (रजिस्ट्रेशन नंबर- BR01EN 0507), दो मोटरसाइकिल (एक का रजिस्ट्रेशन नंबर- BR01PN 3339 एवं दूसरी अस्पष्ट), एक मोटर और तीन बैट्री बरामद की गईं।
इस संबंध में पालीगंज थाने में बीएनएस (BNS) की धारा 303(2)/317(2) के तहत कांड संख्या-449/26 दर्ज कर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इस अभियान दल में थानाध्यक्ष संतोष कुमार, महाबलीपुर ओपी अध्यक्ष दीपक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक आफताब आलम, विशाल कुमार और सशस्त्र बल शामिल रहे।

