– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
डीसी ने समाहरणालय सभागार में सम्मान समारोह आयोजित करने का दिया निर्देश, प्रशस्ति पत्र और पहचान प्रमाण पत्र मिलेंगे
बोकारो, 25 अगस्त। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा, बोकारो जिला के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष राजदेव माहथा के नेतृत्व में उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से बोकारो समाहरणालय को प्राप्त 1306 अधिसूचित आंदोलनकारियों को सम्मानित करने की मांग की।
मोर्चा के अनुसार 1306 आंदोलनकारियों के नाम 425 और 881 की दो सूचियों में अधिसूचित हैं। प्रतिनिधिमंडल ने इन सभी आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र, पहचान प्रमाण पत्र, प्रतीक चिन्ह और सरकार की ओर से निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
29 अगस्त को होगा सम्मान समारोह
मोर्चा की मांग पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने सकारात्मक पहल करते हुए 29 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे जिला समाहरणालय के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्देश दिया है। समारोह में बोकारो जिले के विभिन्न प्रखंडों, नगर क्षेत्रों और विस्थापित क्षेत्रों से जुड़े 1306 अधिसूचित आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजदेव माहथा ने सभी चिन्हित आंदोलनकारियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर समाहरणालय सभागार में अनुशासित ढंग से उपस्थित हों। उन्होंने आंदोलनकारियों से अपने साथ आधार कार्ड और वोटर कार्ड लाने को कहा है।
लंबित अधिसूचनाओं को लेकर भी प्रयास
राजदेव माहथा ने कहा कि जिन आंदोलनकारियों के नाम आयोग और संबंधित विभाग की ओर से प्रकाशित हो चुके हैं, लेकिन उनकी अधिसूचना अभी लंबित है, उनके मामले में भी सरकार से वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबित सूची को जल्द प्राप्त कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पात्र आंदोलनकारियों को भी उनका अधिकार मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष विदेशी महतो, केंद्रीय संयुक्त सचिव हाबुलाल गोराईं, युवा अध्यक्ष ललित नारायण, जिला महामंत्री खगेंद्र नाथ वर्मा, संगठन सचिव बनमाली दत्ता, संरक्षक खिरोधर महतो, उपाध्यक्ष राजकपूर राय, कोषाध्यक्ष अमिर शेख, मो. शकील अहमद, जिला सचिव राजकिशोर महतो, महानगर अध्यक्ष ज्योति लाल महतो, सचिव रामपद महतो और कल्याणी सिंह चौधरी समेत दर्जनों आंदोलनकारी शामिल थे।

