– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
एसटीपीएल परिसर में भव्य इंडक्शन समारोह आयोजित, 1320 मेगावाट क्षमता वाले संयंत्र की सुरक्षा को मिले प्रशिक्षित जवान
बक्सर, 26 अगस्त: एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) की 1320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) फायर विंग का औपचारिक इंडक्शन किया गया। इस अवसर पर एसटीपीएल परिसर में एक भव्य समारोह का आयोजन हुआ।

समारोह में एसटीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलक कुमार मुखोपाध्याय ने सीआईएसएफ फायर विंग के महानिरीक्षक प्रबोध चंद्र एवं वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्युत उत्पादन संयंत्र में अग्नि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सीआईएसएफ फायर विंग के प्रशिक्षित और दक्ष कर्मियों की तैनाती से आग की रोकथाम, प्रभावी निगरानी, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तथा राहत-बचाव कार्यों को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सीआईएसएफ के सहयोग से संयंत्र, प्रशासनिक भवनों और महत्वपूर्ण उपकरणों की सुरक्षा चाक-चौबंद होगी। सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने परियोजना की अग्नि सुरक्षा बनाए रखने और एसटीपीएल प्रबंधन के साथ समन्वय से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। प्रबंधन ने इसे संयंत्र के सुरक्षित और सुचारु संचालन की दिशा में बड़ा कदम बताया।

