– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
प्रति वर्ष मिलेंगे 30,000 रुपये, उच्च शिक्षा के लिए अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की मिलेगी वित्तीय सहायता
नई दिल्ली, 26 अगस्त: अज़ीम प्रेमजी फ़ाउण्डेशन ने दिल्ली (NCT) के लिए अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत इस वर्ष दिल्ली की 20,000 छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
योजना के अंतर्गत चयनित प्रत्येक छात्रा को प्रति वर्ष 30,000 रुपये की राशि दी जाएगी। यह सहायता स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम की अवधि (दो से पांच वर्ष) के अनुसार अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक होगी, जिसका उपयोग कॉलेज शुल्क और अध्ययन संबंधी अन्य खर्चों के लिए किया जा सकेगा।
यह स्कॉलरशिप देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू है। इसके लिए पात्र होने हेतु छात्राओं का संबंधित राज्य के सरकारी स्कूल से कक्षा 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण होना तथा किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक डिग्री या डिप्लोमा के प्रथम वर्ष में नामांकित होना अनिवार्य है। फ़ाउण्डेशन का लक्ष्य प्रति वर्ष देशभर की 5 लाख छात्राओं को लाभान्वित करना है। 2024 में शुरुआत के बाद से अब तक 1.9 लाख से अधिक छात्राएं इसका लाभ प्राप्त कर चुकी हैं। आवेदन की प्रक्रिया फ़ाउण्डेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर पूरी तरह ऑनलाइन और निःशुल्क है।
फ़ाउण्डेशन के सीईओ अनुराग बेहर ने कहा कि समाज की खुशहाली और भविष्य निर्माण में लड़कियों की भूमिका सर्वोपरि है। उच्च शिक्षा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की ताकत देती है और यह स्कॉलरशिप उनकी राह की वित्तीय बाधाओं को दूर करने का प्रयास है।

