30 वर्ष से अधिक उम्र के 6 करोड़ लोगों की होगी स्क्रीनिंग: निशांत

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

‘जांच एवं उपचार – चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान शुरू, 14,500 स्वास्थ्य केंद्रों पर गैर-संचारी रोगों की मुफ्त जांच

पटना, 2 सितंबर 2026: राज्य में गैर-संचारी रोगों (NCD) की रोकथाम और समय पर पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ‘जांच एवं उपचार – चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ किया है। इस अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 6 करोड़ लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य रखा गया है।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने अभियान की शुरुआत के बाद बताया कि इस व्यापक स्क्रीनिंग के लिए राज्य के 14,500 स्वास्थ्य केंद्रों पर पुख्ता व्यवस्था की गई है। इसके अंतर्गत घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा और मधुमेह, हाइपरटेंशन व कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच होगी। रोग की पुष्टि होने पर मरीजों को उपचार, परामर्श, टेलीमेडिसिन और आवश्यक रेफरल की सुविधा नए चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिला स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने से अनावश्यक रेफरल में कमी आई है। जिला अस्पतालों में 70 प्रकार की सर्जरी उपलब्ध कराने के लक्ष्य के तहत अब तक करीब 40 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा शुरू कर दी गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्र सरकार के सहयोग के प्रति आभार जताया। साथ ही लोगों से बीमारी न छिपाने और युवाओं से तंबाकू, शराब व ड्रग्स जैसे नशों से दूर रहने की अपील की।