सुपौल में नियोजन मेले में 2000 युवाओं को रोजगार का लक्ष्य

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

जिला स्तरीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेले में करीब 20 कंपनियों ने लिया हिस्सा, युवाओं को रोजगार के साथ करियर काउंसिलिंग की सुविधा

पटना/सुपौल, 9 सितंबर 2026: युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में सुपौल के संयुक्त श्रम भवन स्थित जिला नियोजनालय के प्रांगण में मंगलवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले का विधिवत उद्घाटन उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और हुनरमंद बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह मेला स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहां वे अपनी योग्यता के अनुसार देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार पा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कौशल विकास के जरिए आत्मनिर्भर बनकर दूसरों को भी रोजगार देने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस मेले में भाग लेकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने जिला नियोजनालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

करीब 20 कंपनियों ने लिया हिस्सा

इस नियोजन मेले में देश और राज्य की लगभग 20 प्रमुख कंपनियों और नियोजकों ने हिस्सा लिया। कंपनियों ने पूरे दिन अपने स्टॉल लगाए, जहां योग्य उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए गए। मेले के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 2000 युवाओं को रोजगार देने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।

रोजगार के साथ-साथ युवाओं को करियर काउंसिलिंग और व्यावसायिक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा, ताकि वे अपने करियर को सही दिशा दे सकें।

अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद प्रतिनिधियों एवं अभ्यर्थियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस मौके पर जिला नियोजन पदाधिकारी लरविन कुमार सहित विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के आवेदक युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights