मुख्यमंत्री के संभावित मुंगेर दौरे को लेकर तैयारियां तेज

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

गंगटा और भीमबांध वन्य आश्रयणी परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

पटना/मुंगेर, 9 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 10 सितंबर को मुंगेर जिलांतर्गत गंगटा एवं भीमबांध वन्य आश्रयणी परिसर में संभावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में बुधवार को प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार एवं जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने गंगटा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अंतिम रूप से चल रही तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित अन्य वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

प्रमंडलीय आयुक्त एवं पुलिस उप महानिरीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निकटवर्ती जिलों के बॉर्डर से समन्वय स्थापित कर लिया जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात संचालन में किसी तरह की चूक न हो।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद एवं सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया। प्रवेश एवं निकास मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा यातायात के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

हर स्तर पर व्यापक तैयारियां

जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी स्तरों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए प्रत्येक पदाधिकारी एवं कर्मी को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए छोटी से छोटी आवश्यकता पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

Verified by MonsterInsights