स्काउट एवं गाइड के 230 बच्चों और पदाधिकारियों को मिला सम्मान

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

स्वतंत्रता दिवस और श्रावणी मेला में उत्कृष्ट सेवा के लिए जिलाधिकारी व एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

मुजफ्फरपुर, 9 सितंबर 2026: भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों एवं पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभागार में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य संरक्षक, भारत स्काउट एवं गाइड सह मुजफ्फरपुर जिला पदाधिकारी कुमार गौरव तथा संरक्षक, भारत स्काउट एवं गाइड सह वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने बच्चों एवं पदाधिकारियों को सम्मानित किया।

यह सम्मान 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता तथा श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा, सहायता एवं विभिन्न व्यवस्थाओं में सराहनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। समारोह में लगभग 230 बच्चों के साथ-साथ भारत स्काउट एवं गाइड के अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों एवं पदाधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने अनुशासन, सेवा भावना, समर्पण, पेशेवर व्यवहार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अधिकारीद्वय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह तथा श्रावणी मेला के दौरान लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सहायता एवं प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग देकर स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अधिकारियों ने कहा कि युवाओं में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करने में भारत स्काउट एवं गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन समाज सेवा के प्रति अन्य युवाओं को भी प्रेरित करता है।

इस अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड के पदाधिकारी एवं बच्चे उपस्थित रहे। प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाले बच्चों एवं पदाधिकारियों में उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा। सम्मानित सदस्यों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सामाजिक एवं प्रशासनिक कार्यों में इसी प्रकार सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

Verified by MonsterInsights