– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
खुदगड्डा स्थित वेल साइट के स्टोर रूम से कॉपर केबल, ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन और बैटरियां गायब; पुलिस ने शुरू की जांच
गोमिया (बोकारो), 11 सितंबर 2026: ओएनजीसी (ONGC) गोमिया क्षेत्र के साईट बीके#11 (खुदगड्डा) स्थित वेल साइट के स्टोर रूम से कीमती उपकरणों और केबलों की चोरी का मामला सामने आया है। घटना को लेकर ओएनजीसी के कनिष्ठ अभियंता (Junior Engineer) शुभम गुप्ता ने गोमिया थाना में आवेदन देकर सनहा दर्ज कराया है।
फोन पर मिली थी चोरी की सूचना
दिए गए आवेदन के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे टेस्टींग सुपरवाइजर बीरजू कुमार ने दूरभाष के माध्यम से कनिष्ठ अभियंता को स्टोर रूम से सामान गायब होने की जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद कनिष्ठ अभियंता मौके पर पहुंचे और स्टोर रूम में गायब सामान की खोजबीन की, लेकिन चोरी हुए सामान का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद 11 सितंबर 2026 को गोमिया थाना में लिखित शिकायत दी गई।
ये सामान हुए गायब
शिकायत के अनुसार, स्टोर रूम से निम्न सामान गायब हैं –
- लगभग 150 मीटर 3.5 Phase 35 Sqmm कॉपर केबल।
- एक ग्राइंडर मशीन।
- एक वेल्डिंग मशीन।
- दो परित्यक्त (पुरानी/यूज्ड) बैटरियां।
- परित्यक्त IESP सेंसर केबल।
- लगभग 350 मीटर 2.5 वर्ग मिमी 3 चरण IESP केबल।
चोरी हुए उपकरणों और केबलों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
ओएनजीसी प्रबंधन की ओर से गोमिया थाना प्रभारी से मामले की अपने स्तर पर गहन जांच-पड़ताल करने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्टोर रूम से सामान किस परिस्थिति में गायब हुआ और घटना में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
