12 वर्षीय बच्चे की सांस की नली में फंसी सीटी ब्रोंकोस्कोपी से निकाली

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

पीएमसीएच में पल्मोनरी, ईएनटी और एनेस्थीसिया टीम की संयुक्त कोशिश से सफल प्रक्रिया; समय पर उपचार मिलने से बच्चे की जान बची

पटना, 11 सितंबर 2026 : पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में सीटी बजाते समय एक 12 वर्षीय बच्चे की सांस की नली में सीटी चले जाने का जटिल मामला सामने आया। बेलागंज, गया निवासी गौतम कुमार की सांस की नली के ब्रोंकस में सीटी फंस गई थी। पीएमसीएच के पल्मोनरी विभाग की टीम ने ईएनटी और एनेस्थीसिया विभाग के सहयोग से ब्रोंकोस्कोपी के जरिए सीटी को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। समय पर उपचार मिलने से बच्चे की जान बच गई।

अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजीव ने बताया कि सीटी बजाते समय बच्चे ने गलती से उसे सांस के साथ अंदर खींच लिया था। इसके बाद सीटी ब्रोंकस में जाकर फंस गई। मामले की जानकारी मिलने पर पल्मोनरी विभाग की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. साइमा एजाज के नेतृत्व में टीम ने बच्चे की जांच की और ब्रोंकोस्कोपी के जरिए विदेशी वस्तु निकालने का निर्णय लिया।

ईएनटी ऑपरेशन थिएटर में की गई ब्रोंकोस्कोपी

पीएमसीएच के ईएनटी ऑपरेशन थिएटर नंबर-2 में ब्रोंकोस्कोपी के माध्यम से सीटी को बाहर निकाला गया। इस पूरी प्रक्रिया में पल्मोनरी विभाग की टीम के साथ जूनियर रेजिडेंट डॉ. आदित्य और डॉ. रोशन ने सहयोग किया।

टीम ने एचओडी प्रो. बीके चौधरी और वरिष्ठ शिक्षक डॉ. समरेंद्र झा के मार्गदर्शन में पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।

ईएनटी और एनेस्थीसिया टीम ने किया सहयोग

ईएनटी विभाग की एचओडी प्रो. प्रीति शर्मा और उनकी पूरी टीम ने भी प्रक्रिया में सहयोग किया। वहीं, एनेस्थीसिया टीम ने बच्चे को प्रक्रिया के दौरान सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनेस्थीसिया टीम को प्रो. सुदामा का मार्गदर्शन मिला।

अस्पताल प्रशासन ने बच्चे के उपचार में शामिल सभी विभागों की संयुक्त टीम के प्रयास की सराहना की। चिकित्सकों की समय पर कार्रवाई और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के कारण सांस की नली में फंसी सीटी को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला जा सका।

Verified by MonsterInsights