– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर दिए कई आवश्यक निर्देश
पटना, 12 सितंबर 2026: वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में अगस्त माह में दर्ज एवं लंबित कांडों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रभावी अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था के संधारण पर विशेष बल देते हुए गंभीर एवं संवेदनशील मामलों के गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध निष्पादन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार, महिला अपराध, पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संवेदनशील एवं गंभीर मामलों में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
गिरफ्तारी, वारंट और कुर्की-जब्ती में तेजी के निर्देश
वरीय पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी, वारंट के निष्पादन तथा कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पर्व को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने पर जोर
आगामी पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके लिए सतत गश्ती, प्रभावी आसूचना संकलन, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को और अधिक सुदृढ़ एवं सक्रिय रखने पर जोर दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक में अपराध की स्थिति, लंबित कांडों के निष्पादन तथा आगामी पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जाने वाली तैयारियों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
