कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजीव कुमार कस्सी ने कुसमुंडा खदान का किया दौरा

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

उत्पादन, उत्पादकता और कोयला डिस्पैच की समीक्षा; बिजली क्षेत्र को समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

गेवरा (रायगढ़), 12 सितंबर 2026: कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजीव कुमार कस्सी शनिवार को एसईसीएल के गेवरा क्षेत्र पहुंचे। उनके साथ निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान संजीव कुमार कस्सी ने एनटीपीसी, सीपत के परियोजना प्रमुख से मुलाकात की।

इसके बाद उन्होंने निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र के साथ कुसमुंडा खदान का दौरा किया। इस दौरान कोल फेस और साइलो का निरीक्षण करने के साथ उत्पादन, उत्पादकता तथा कोयला डिस्पैच की समीक्षा की गई। उन्होंने विशेष रूप से बिजली क्षेत्र को की जा रही कोयला आपूर्ति की जानकारी ली और डिस्पैच बढ़ाने के लिए आवश्यक कदमों को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस अवसर पर कुसमुंडा के महाप्रबंधक सचिन पाटिल भी मौजूद रहे।

गेवरा हाउस में किया पौधरोपण

दौरे के दौरान संजीव कुमार कस्सी ने गेवरा हाउस में स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। इसके बाद उन्होंने अभियान को लेकर एसईसीएल की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र तथा गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय मिश्रा भी बैठक में उपस्थित रहे।

संजीव कुमार कस्सी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे इस अभियान के छठवें संस्करण में जन भागीदारी और नए विचारों को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने कोयला मंत्रालय के पिछले उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए इस वर्ष भी बेहतर परिणाम हासिल करने पर जोर दिया।

स्पेशल कैंपेन की तैयारियों की समीक्षा

एसईसीएल के अभियान के नोडल अधिकारी एवं महाप्रबंधक (सिविल) ठाकुर आलोक कुमार ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्पेशल कैंपेन 5.0 की उपलब्धियों और इस वर्ष की तैयारियों की जानकारी दी। इसमें सफाई के लिए चिह्नित स्थानों, स्क्रैप निस्तारण और ई-वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े लक्ष्यों की जानकारी शामिल रही।

अभियान से संबंधित प्रस्तुति और गतिविधियों की समीक्षा निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास के मार्गदर्शन में की गई। दिनवार कार्य योजना की समीक्षा करते हुए संजीव कुमार कस्सी ने पब्लिक कनेक्ट मजबूत करने, उपभोक्ताओं एवं अन्य हितधारकों के लिए उपयोगी पहल करने तथा अभियान में नए और रचनात्मक विचारों को शामिल करने के निर्देश दिए।

कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा, दीपका और रायगढ़ क्षेत्रों की भी समीक्षा

दौरे के अंत में संजीव कुमार कस्सी ने कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा, दीपका और रायगढ़ क्षेत्रों के महाप्रबंधकों के साथ अलग से समीक्षा बैठक की। बैठक में निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र ने संबंधित क्षेत्रों से उत्पादन और डिस्पैच की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने तथा बिजली क्षेत्र को समयबद्ध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उत्पादन और डिस्पैच की स्थिति की समीक्षा के साथ निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने तथा कोयला आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।

Verified by MonsterInsights