– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बालिका वर्ग में कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय और बालक वर्ग में रांची कृषि महाविद्यालय विजयी
रांची, 12 सितंबर 2026। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-महाविद्यालय ‘बिरसा वॉलीबॉल लीग-2026’ के बालिका वर्ग में कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय और बालक वर्ग में रांची कृषि महाविद्यालय (आरएयू) की टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
विजयी टीमों को अधिष्ठाता कृषि डॉ. डीके शाही, निदेशक छात्र कल्याण डॉ. बीके अग्रवाल तथा सह-अधिष्ठाता प्रो. डीके रूसिया ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
खेल भावना और टीम भावना को बढ़ावा देने का उद्देश्य
प्रतियोगिता का आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. माइकल राज एस ने कहा कि खेलों में भागीदारी से जीवन में अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
समारोह की अध्यक्षता बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुनील चंद्र दुबे ने की।
चार महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
वॉलीबॉल लीग में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के चार महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इनमें रांची कृषि महाविद्यालय, पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय, वानिकी महाविद्यालय तथा कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय शामिल रहे।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का प्रदर्शन किया।
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के खेल एवं क्रीड़ा समन्वयक डॉ. नीरज कुमार एवं डॉ. मनोज बर्णवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा महाविद्यालयों के खेल प्रभारी डॉ. मिंटू जॉब, डॉ. राजू प्रसाद, डॉ. ज्योतिष केरकेट्टा, डॉ. शिवम मिश्र, डॉ. अबसार अहमद, डॉ. वंदना चौबे, डॉ. कुसमिता धान तथा खेल प्रशिक्षक निरंजन शर्मा ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
