सहरसा सदर अस्पताल की घटना पर डीएम ने लिया संज्ञान, उच्चस्तरीय जांच समिति गठित

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

चिकित्सक और डिजिटल पत्रकार के बीच झड़प का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन सक्रिय, WJAI ने भी पांच सदस्यीय कमेटी बनाई

सहरसा, 13 सितंबर 2026। सदर अस्पताल, सहरसा में 12 सितंबर 2026 को चिकित्सक डॉ. एस.के. आजाद एवं प्रभात खबर डिजिटल के संवाददाता अभिषेक कुमार के बीच हुई कथित झड़प से संबंधित वीडियो वायरल होने की सूचना के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी दीपेश कुमार (भा. प्रा. से.) ने घटना पर गंभीरता व्यक्त करते हुए ऐसी घटनाओं को अनुचित एवं निंदनीय बताया है।

घटना की वास्तविक स्थिति एवं तथ्यों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति उपलब्ध तथ्यों, परिस्थितियों एवं संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर जांच कर अपना प्रतिवेदन समर्पित करेगी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल प्रबंधन को समुचित समन्वय के निर्देश

जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि अस्पताल परिसर में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, मरीजों, उनके परिजनों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ समुचित समन्वय तथा मर्यादित व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने सभी संबंधित पक्षों से संयम एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें।

पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार पर WJAI ने बनाई पांच सदस्यीय कमेटी

इधर, रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार अभिषेक के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दिए जाने का वीडियो सामने आने के बाद डिजिटल पत्रकार संगठन वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) ने भी मामले का संज्ञान लिया है।

संगठन ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। WJAI के राष्ट्रीय महासचिव अमित रंजन ने बिहार प्रदेश महासचिव सागर कुमार के नेतृत्व में गठित कमेटी को पूरे मामले की तथ्यात्मक जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी है।

कमेटी में प्रदेश महासचिव सागर कुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष रत्नेश कुमार, पटना से आदित्य कुमार, प्रदेश सचिव राजकमल और सहरसा से संजीव गुप्ता शामिल हैं।

संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेगी कमेटी

WJAI की गठित कमेटी घटना से जुड़े सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जानकारी जुटाएगी। इसके बाद संबंधित विभाग के मंत्री, पुलिस महानिदेशक, जिलाधिकारी एवं स्थानीय विधायक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

संगठन की ओर से पीड़ित पत्रकार के साथ हुई घटना की निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी।

पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से समझौता नहीं : WJAI

WJAI बिहार कमिटी ने कहा है कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा। संगठन के अनुसार पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के साथ किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना में दोषी कोई भी व्यक्ति हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए संगठन हरसंभव लोकतांत्रिक एवं कानूनी प्रयास जारी रखेगा।

फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर गठित उच्चस्तरीय जांच समिति और WJAI की पांच सदस्यीय कमेटी की जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Verified by MonsterInsights