राज्यभर में खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती जारी, एक्सपायर्ड व संदूषित खाद्य सामग्री पर कार्रवाई

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

समस्तीपुर में अस्वच्छ किचन पर लाइसेंस निलंबित, मुजफ्फरपुर में छेना मिठाई निर्माण प्लांट बंद; रोहतास में एक्सपायर्ड पापड़ नष्ट

पटना, 15 सितंबर 2026। राज्य में आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं जांच की कार्रवाई लगातार जारी है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीमों द्वारा विभिन्न जिलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है।

इसी क्रम में राज्य के विभिन्न जिलों में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। इन कार्रवाइयों के दौरान संदूषित एवं एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को जब्त कर नियमानुसार नष्ट किया गया तथा खाद्य पदार्थों के लीगल सैंपल भी संग्रहित किए गए हैं।

रोहतास में एक्सपायर्ड श्रीराम पापड़ नष्ट

15 सितंबर को रोहतास जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजकुमार सिंह द्वारा लाल जालाराम स्थित Beyond Bread Roods का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान संचालक मोहित सिंह की उपस्थिति में खाद्य सामग्री की जांच की गई। इस दौरान श्रीराम पापड़, जिसकी यूज़-बाई अवधि जून 2026 में समाप्त हो चुकी थी, पाया गया। एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

खाद्य सामग्री का निरीक्षण खाद्य कारोबारी की उपस्थिति में किया गया तथा उनकी सहमति से मौके पर ही विनष्टीकरण की कार्रवाई की गई।

मुजफ्फरपुर में पनीर और छेना के लीगल सैंपल

15 सितंबर को ही मुजफ्फरपुर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा दो खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान से पनीर का लीगल सैंपल तथा श्री बाला जी स्वीट्स से छेना मिठाई का लीगल सैंपल संग्रहित किया गया।

रामदयालु नगर स्थित मुक्तिनाथ मंदिर के पास श्री बाला जी स्वीट्स के निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान की स्वच्छता एवं भंडारण की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। यहां करीब 20 किलोग्राम संदूषित छेना मिठाई पाई गई, जिसे जब्त कर नियमानुसार विनष्टीकरण की कार्रवाई की गई।

छेना मिठाई का लीगल सैंपल भी संग्रहित किया गया है। दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिष्ठान संचालकों को Food Safety and Standards Regulations, 2011 के निर्धारित स्वच्छता एवं हाइजीन मानकों का पालन करने तथा खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर सख्ती

15 सितंबर 2026 को समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। समस्तीपुर में गंभीर अनियमितता मिलने पर एक फूड वेंडिंग प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई।

वहीं, मुजफ्फरपुर में पनीर, छेना, राबड़ी और पेड़ा के 5 नमूने जांच के लिए लिए गए। गया-मोतिहारी रोड स्थित छेना मिठाई निर्माण प्लांट में गंभीर कमियां मिलने पर उसे तत्काल बंद कराया गया।

अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा FIFO/FEFO प्रणाली का पालन करने का निर्देश दिया गया।

अब तक 488 खाद्य नमूने संग्रहित

खाद्य सुरक्षा एवं जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण के दौरान विभिन्न खाद्य श्रेणियों के अब तक कुल 488 नमूने संग्रहित किए गए हैं। इनमें-

  • दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद के 179 नमूने
  • मिठाई के 106 नमूने
  • अनाज एवं दाल के 65 नमूने
  • मसाले एवं सॉस के 64 नमूने
  • बेवरेज के 37 नमूने
  • स्ट्रीट फूड एवं बेकरी उत्पाद के 19 नमूने
  • खाद्य तेल के 18 नमूने

शामिल हैं। वहीं, मांस, मछली एवं अंडा श्रेणी के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा को लेकर कार्रवाई रहेगी जारी

स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। खाद्य कारोबारियों को उपभोक्ताओं को केवल सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एक्सपायर्ड, खराब, मिलावटी अथवा असुरक्षित खाद्य सामग्री का भंडारण, उपयोग या बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा राज्यभर में निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं जांच की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Verified by MonsterInsights