हिंदी का पोषण करना हम सबकी जिम्मेदारी: वरिष्ठ संपादक आनंद निर्बाण

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में पुरस्कार वितरण समारोह, समावेशी स्वरूप को बताया भाषा की ताकत

नागपुर, 16 सितंबर 2026: हिंदी मां जैसी है, जो हर रिश्ते को जोड़कर रखती है और इसका पोषण करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। यह विचार वरिष्ठ संपादक आनंद निर्बाण ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में व्यक्त किए। विश्वविद्यालय के राजभाषा विभाग तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (नागपुर कार्यालय) के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी दिवस एवं पोषण माह के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण समारोह में वे बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिंदी का समावेशी स्वरूप ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसमें अन्य भारतीय भाषाओं के शब्द सहजता से समाहित होकर इसकी संप्रेषणीयता को बढ़ाते हैं। उन्होंने 1975 के प्रथम विश्व हिंदी सम्मेलन और अनंत गोपाल शेवड़े सहित मराठी भाषियों के ऐतिहासिक योगदान को भी रेखांकित किया।

संस्कृति और विनम्रता की संवाहक है हिंदी: प्रो. कुमुद शर्मा

विश्वविद्यालय के ग़ालिब सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि कोई भी भाषा अपने सांस्कृतिक प्रतीकों से जीवंत रहती है और हिंदी में भारतीय संस्कृति तथा विनम्रता का भाव गहराई से रचा-बसा है। उन्होंने कहा कि “सरस्वती” पत्रिका जैसी पत्रकारिता की धाराओं ने हिंदी को समृद्ध किया है और आज मीडिया व नई तकनीक के माध्यम से हिंदी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रही है।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिले पुरस्कार

समारोह में हिंदी माह के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया:

  • टंकण प्रतियोगिता: अश्विनी राठोड़ (प्रथम), राधा ठाकरे (द्वितीय), अमोल आड़े व वैशाली कदम (तृतीय)।
  • निबंध प्रतियोगिता (विद्यार्थी वर्ग): मो. सोहैल अली (प्रथम), मीनाक्षी पटले (द्वितीय), वेद प्रकाश कुमार (तृतीय)।
  • निबंध प्रतियोगिता (कर्मचारी वर्ग): आयुषा वानखेडे (प्रथम), रविंद्र वानखडे (द्वितीय), धनंजय भट्टाचार्य (तृतीय)।
  • रंगोली प्रतियोगिता: कर्मचारी वर्ग में प्रगति मिरगे प्रथम व अतिथि अध्यापक डॉ. अंजना किशनपुरी द्वितीय रहीं। विद्यार्थी वर्ग में प्रिया माली (प्रथम), शिवानी लाटे (द्वितीय) व अनन्या अभिलिप्सा दास (तृतीय) रहीं।
  • पोस्टर निर्माण: होंग हुओंग क्वीन्ह (प्रथम), अनन्या अभिलिप्सा दास (द्वितीय) व बिशमा देवी (तृतीय)।

कार्यक्रम में कुलसचिव क़ादर नवाज़ ख़ान, हिंदी अधिकारी राजेश यादव, केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक प्रचार अधिकारी शुभम गुड़धे और जनसंपर्क अधिकारी बी.एस. मिरगे मंचासीन रहे। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के कलाकारों ने पोषण जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

Verified by MonsterInsights