एनसीएल के नए सीएमडी बने एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, संभाला पदभार

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

34 वर्षों के खनन अनुभव से समृद्ध नेतृत्व, तकनीकी आधुनिकीकरण और ग्रीन एनर्जी को मिलेगी गति

पटना/सिंगरौली, 16 सितंबर 2026: नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) को नया नेतृत्व मिल गया है। एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उनके कार्यभार संभालने से एनसीएल के तकनीकी सुदृढ़ीकरण, परिचालन और दीर्घकालिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। वे अपने साथ खनन क्षेत्र का 34 वर्षों से अधिक का लंबा अनुभव लेकर आए हैं। उन्होंने भारत सहित विदेशों में भूमिगत एवं खुली मशीनीकृत कोयला खदानों, लिग्नाइट खनन तथा विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।

एसईसीएल में आधुनिकीकरण और मशीनीकरण पर रहा विशेष जोर

एनसीएल का दायित्व संभालने से पहले वे साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में निदेशक (तकनीकी एवं संचालन) के पद पर पदस्थापित थे। वहां उन्होंने उत्पादन, प्रेषण और अधिभार हटाव (ओबीआर) में सुधार के साथ खदानों के आधुनिकीकरण व मशीनीकरण में प्रभावी भूमिका निभाई। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सिंगरैनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड से की थी और बाद में इंडोनेशिया तथा एनएलसी इंडिया लिमिटेड सहित प्रमुख संस्थानों में अहम पदों पर कार्य किया।

कोयला उत्पादन के साथ ग्रीन एनर्जी और नवाचार पर फोकस

पारंपरिक खनन के अलावा उनका अनुभव सौर ऊर्जा, ग्रीन मोबिलिटी, कोल गैसीफिकेशन, एनर्जी स्टोरेज और लिग्नाइट से मेथनॉल उत्पादन जैसी भविष्योन्मुखी परियोजनाओं में भी रहा है। देश की प्रमुख कोयला उत्पादक कंपनियों में शुमार एनसीएल के सामने उत्पादन बढ़ाने, तकनीकी दक्षता व मशीनीकरण को मजबूत करने तथा ऊर्जा संक्रमण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। उनके समृद्ध अनुभव से कंपनी में नवाचार और परिचालन उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित होने की संभावना है।

Verified by MonsterInsights