-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बिहार-यूपी की साझी विरासत विकसित भारत के निर्माण में बनेगी आधार
पटना, 19 सितंबर 2026। राजधानी पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में ‘माटी’ संस्था द्वारा आयोजित 9वें माटी-पूर्वांचल महोत्सव में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पूर्वांचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला, साहित्य, शिक्षा और सामाजिक योगदान को रेखांकित करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। बज्जिका, मगही, मैथिली, भोजपुरी और अंगिका जैसी भाषाएं राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान हैं। गुरु गोविंद सिंह की जन्मभूमि, भगवान महावीर की कर्मभूमि, भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली और महात्मा गांधी के चंपारण आंदोलन से जुड़ी यह पावन धरती दुनिया को राह दिखाती रही है। नालंदा विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक विरासत इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल, बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों के संयुक्त संदर्भ का प्रतिनिधित्व करता है। दोनों राज्यों की बड़ी आबादी, साझी संस्कृति और मजबूत मानव संसाधन विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि ढाई हजार सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की गई है, 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों में लाइव क्लासेस और आधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं तथा छात्रों के लिए ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी को अपनी माटी का कर्ज उतारने और समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए मिलकर काम करना होगा।

महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कला, खेल, पत्रकारिता, चिकित्सा और न्याय जगत की प्रमुख हस्तियों को माटी सम्मान से नवाजा। सम्मानित होने वालों में लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी, पूर्व क्रिकेटर सैयद सबा करीम, वरिष्ठ पत्रकार श्वेता सिंह, बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक ब्रजेश कुमार सिंह, पटना उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव रंजन, ‘देहात’ संस्था के सीईओ शशांक कुमार तथा भारतीय फुटबॉल टीम की कोच एवं उप-कप्तान मधु कुमारी शामिल रहीं।
कार्यक्रम को कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सांसद जगदम्बिका पाल, माटी संस्था के संयोजक आसिफ आज़मी और दानिश इकबाल ने भी संबोधित किया। मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
