-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
डीएम ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, टीबी रोगियों को बांटी गई पोषणयुक्त फूड बास्केट
कटिहार, 19 सितंबर: जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन का ‘संध्या चौपाल’ कार्यक्रम प्रभावी साबित हो रहा है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में शनिवार को फलका प्रखंड अंतर्गत बरसिया पंचायत सरकार भवन के प्रांगण में विशेष ‘संध्या चौपाल’ का आयोजन किया गया। इस चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए और स्वास्थ्य परामर्श के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याओं, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और जनहित के मुद्दों से प्रशासन को अवगत कराएं; जिला प्रशासन उनके त्वरित समाधान के लिए निरंतर तत्पर है। डीएम के इस सहज संवाद से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।
‘टीबी मुक्त अभियान’ के तहत कार्यक्रम में निक्षय मित्रों द्वारा दो टीबी रोगियों को पोषण युक्त ‘फूड बास्केट’ भेंट की गई, ताकि उनके समुचित उपचार और पोषण में सहयोग मिल सके। इस चौपाल में अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उपसमाहर्ता सहित कई वरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक मोहम्मद रेहान अशरफ ने किया। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
