सीसीएल मुख्यालय में स्वच्छता शपथ, जागरूकता रथ रवाना

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ संदेश के साथ अभियान का आगाज

रांची, 21 सितंबर 2026। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के दरभंगा हाउस स्थित मुख्यालय में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वच्छता को अपनी नियमित आदत और नैतिक जिम्मेदारी बनाने का संकल्प लिया।

समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके उपरांत निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से स्वच्छता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ रांची के प्रमुख चौक-चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों और मोहल्लों में पहुंचकर आमजन को जागरूक करेगा।

इस वर्ष यह अभियान “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ना है। सीसीएल मुख्यालय के अतिरिक्त कंपनी के सभी कोयला क्षेत्रों में भी स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Verified by MonsterInsights