-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
23 सितंबर को होगा शपथ ग्रहण, अदालत में जजों की कुल संख्या बढ़कर होगी 16
रांची, 21 सितंबर 2026। झारखंड न्यायिक सेवा (सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस) कैडर के तीन वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों को पदोन्नत कर झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त न्यायाधीशों का शपथ ग्रहण समारोह 23 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 10:15 बजे हाईकोर्ट परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित किया जाएगा। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एम. एस. सोनक तीनों नए जजों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राजभवन से समय निर्धारित होने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन ने समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में झारखंड हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने आधिकारिक पुष्टि की है।
हाईकोर्ट जज के रूप में पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) मनोज प्रसाद, साहिबगंज के पीडीजे अखिल कुमार तथा डालटनगंज (पलामू) के पीडीजे राम शर्मा शामिल हैं।
वर्तमान में झारखंड हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस एम. एस. सोनक सहित कुल 13 न्यायाधीश पदस्थापित हैं। इन तीनों नए न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण करने के बाद अदालत में जजों की संख्या बढ़कर 16 हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल स्वीकृत पद 25 हैं, जिसके चलते इस नियुक्ति के बाद भी 9 पद रिक्त रहेंगे।
