लंबित मांगों को लेकर 5000 से अधिक बीएसएल कर्मियों ने लगाया काला बैज

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

सेल और बोकारो प्रबंधन के खिलाफ बीएकेएस का चार चरणीय आंदोलन शुरू, आमरण अनशन की चेतावनी

बोकारो, 21 सितंबर 2026। बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) के आह्वान पर 5,000 से अधिक कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन और प्रबंधन के अड़ियल रवैये के विरोध में काला बैज लगाकर कार्य किया। यूनियन द्वारा घोषित दो दिवसीय विरोध कार्यक्रम के तहत संयंत्र के कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को दर्ज कर विरोध दर्ज कराया।

सेल कर्मियों के 45 प्रमुख मुद्दे लंबे समय से अनिर्णित हैं, जिनमें से 5 प्रमुख मामले देश की विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं। वहीं बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) स्तर पर भी 60 से अधिक स्थानीय समस्याएं लंबित हैं। मांगों के समाधान न होने से कर्मियों में गहरा असंतोष है। विरोध प्रदर्शन में धमन भट्टी, कोक ओवेन, आरएमएचपी, सिंटर प्लांट, हॉट स्ट्रिप मिल, एसएमएस, सीआरएम, नगर सेवा, बीजीएच, मानव संसाधन सहित सभी प्रमुख विभागों के गैर-कार्यपालक कर्मचारियों ने भागीदारी की।

यूनियन ने चार चरणों के आंदोलन की रूपरेखा तय की है। पहले चरण में दो दिवसीय काला बैज लगाकर कार्य किया गया है। दूसरे चरण में सभी विभागों के समक्ष सांकेतिक विरोध प्रदर्शन होगा। तीसरे चरण में काले झंडों के साथ मौन जुलूस निकाला जाएगा, जबकि अंतिम चरण में यूनियन पदाधिकारियों ने आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। यह आंदोलन वेज रिवीजन व बोनस में विसंगतियों, इंसेंटिव फॉर्मूले में बदलाव, छुट्टियों की समीक्षा, श्रम कानूनों के क्रियान्वयन और यूनियन चुनाव जैसी मांगों को लेकर छेड़ा गया है।

बीएकेएस बोकारो के महासचिव हरिओम ने कहा कि अब आर-पार की लड़ाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों के खून-पसीने से कंपनी लाखों करोड़ का कारोबार कर रही है, लेकिन लाभ की हिस्सेदारी के नाम पर शोषण किया जा रहा है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Verified by MonsterInsights