-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
प्राचीन मगधद्वार के सौंदर्यीकरण और बुनियादी विकास पर जोर, नागरिकों का मिला भारी समर्थन
बख्तियारपुर, 21 सितंबर: मध्य बिहार और झारखंड को जोड़ने वाले तथा दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलमार्ग पर स्थित ऐतिहासिक “मगधद्वार” के रूप में विख्यात बख्तियारपुर नगर परिषद के सर्वांगीण विकास के लिए नगर परिषद सभापति पवन कुमार लगातार प्रयासरत हैं। नगरवासियों के सहयोग, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र में आपसी सौहार्द व भाईचारे को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में उनकी पहल रंग ला रही है। सभापति का मुख्य लक्ष्य बख्तियारपुर को बिहार के एक मॉडल और आकर्षक नगर परिषद के रूप में स्थापित करना है।

सभापति पवन कुमार ने प्राथमिकताओं को साझा करते हुए बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी प्रमुख स्मारकों, सार्वजनिक पार्कों और चौक-चौराहों को सुंदर व सुसज्जित किया जा रहा है। इसके साथ ही धार्मिक और शैक्षणिक परिसरों के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि क्षेत्र को एक स्वच्छ, हरित और आधुनिक रूप दिया जा सके।
नगर परिषद क्षेत्र के नागरिकों ने सभापति पवन कुमार के कार्यकाल में हुए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास कार्यों ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है। सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में युद्धस्तर पर कार्य हुआ है। स्थानीय लोगों ने आगामी चुनाव में भी उनके नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए निरंतर विकास की उम्मीद जताई है।
