सेवा भारती पटना महानगर ने की आगामी कन्या पूजन की तैयारी, ‘विजय निकेतन’ में बैठक

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

नारी शक्ति और संस्कार संवर्धन पर जोर, बाल संस्कार व स्वावलंबन केंद्रों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

पटना, 21 सितंबर: सेवा भारती पटना महानगर द्वारा आगामी कन्या पूजन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को ‘विजय निकेतन’ में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक उमेश रंजन एवं क्षेत्र कार्यवाह मोहन सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर सेवा भारती द्वारा संचालित बाल संस्कार केंद्रों के आचार्य-आचार्या, स्वावलंबन केंद्रों की शिक्षिकाएं तथा सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण ले रहीं शिक्षार्थी बहनें बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत प्रचारक उमेश रंजन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के प्रति सम्मान और श्रद्धा का जीवंत प्रतीक है। वंचित एवं निर्बल वर्ग के बच्चों को संस्कारवान बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में बाल संस्कार केंद्रों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है। वहीं, क्षेत्र कार्यवाह मोहन सिंह ने सेवा कार्यों के विस्तार पर बल देते हुए कहा कि स्वावलंबन केंद्रों के माध्यम से बहनें हुनर सीखकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार व समाज को संबल प्रदान कर रही हैं।

बैठक में कन्या पूजन दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। बाल संस्कार केंद्र के बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले विशेष कार्यक्रमों और स्वावलंबन केंद्र की बहनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को भव्य, अनुशासित और गरिमामय ढंग से आयोजित करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन ध्येय मंत्र के साथ हुआ।

Verified by MonsterInsights