अरवल में सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में ‘दिशा’ की समीक्षा बैठक संपन्न

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

विकास योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश

अरवल, 22 सितंबर: समाहरणालय सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक व जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना, पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति जानना और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक बाधाओं को दूर करना रहा।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट समिति के समक्ष रखी। समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और महत्वपूर्ण सुझावों को प्रमुखता से उठाया। सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही अनिवार्य है ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंच सके।

जिलाधिकारी अमृषा बैंस ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों के आलोक में योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। बैठक में पूर्व के लंबित कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने तथा विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न करने की सख्त हिदायत दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, दिशा समिति के सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights