दानापुर में गृहस्वामी को कमरे में बंद कर चोरी, CCTV में संदिग्ध की तस्वीर कैद

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

सुल्तानपुर में देर रात वारदात, तीन मोबाइल समेत अन्य सामान चोरी; शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी

पटना/दानापुर, 22 सितम्बर, 2026। दानापुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर, मस्जिद के पास देर रात एक मकान में चोरी की घटना सामने आई है। आरोप है कि चोरों ने वारदात के दौरान गृहस्वामी के कमरे में बाहर से कुंडी लगा दी और घर से मोबाइल, नकदी, जेवरात समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना की गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।

पीड़ित नजम खान, पिता रहमतुल्ला खान की ओर से दानापुर थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार घटना 22 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे की है। पीड़ित प्रथम तल पर सो रहे थे। इसी दौरान कुछ टूटने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। बाहर निकलने का प्रयास करने पर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला।

शोर मचाने पर पिता ने खोला दरवाजा

पीड़ित के अनुसार, कमरे से शोर मचाने पर दूसरे कमरे में सो रहे उनके पिता वहां पहुंचे और दरवाजा खोला। इसके बाद घर की जांच की गई तो तीन मोबाइल फोन, एक घड़ी और सोने की अंगूठी गायब मिली।

वहीं दूसरे तल पर स्थित उनके भाई के कमरे का ताला टूटा मिला। बताया गया कि उनके भाई विदेश में रहते हैं। कमरे में रखी अलमारी और अटैची को तोड़कर सामान निकाल लिया गया था।

CCTV फुटेज में युवक के दिखाई देने का दावा

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की। पीड़ित परिवार का दावा है कि फुटेज में मोहल्ले का ही युवक मोहम्मद रिजवान उर्फ खटाई गोप, पिता इकबाल, सीढ़ी के सहारे मकान में प्रवेश करता और बाहर निकलता दिखाई दिया।

पीड़ित परिवार के अनुसार, इसके बाद आरोपी के घर जाकर जांच की गई, जहां से चोरी हुए तीन मोबाइल फोन बरामद होने का दावा किया गया। इसके बाद डायल 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

गिरोह के सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग

पीड़ित ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित युवक एक संगठित गिरोह से जुड़ा है और इससे पहले भी मोहल्ले में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसके घर के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

पीड़ित परिवार ने दानापुर थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चोरी की घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। CCTV फुटेज, बरामद मोबाइल और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Verified by MonsterInsights