-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
मोकामा विधायक के आवास पर करीब एक घंटे हुई बातचीत, फिल्म निर्माण को लेकर भी चर्चा तेज
पटना, 23 सितंबर: प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता, निर्माता और समाजसेवी सोनू सूद मंगलवार को मोकामा के विधायक अनंत सिंह से मिलने उनके पटना स्थित आवास पहुंचे। आवास पर पहुंचने पर विधायक के समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सोनू सूद ने विधायक अनंत सिंह और उनके दोनों बेटों अंकित एवं अभिषेक के साथ करीब एक घंटे तक विभिन्न विषयों पर आत्मीय बातचीत की।

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सोनू सूद ने कहा कि विधायक के यहां आकर उन्हें परिवार जैसा महसूस हुआ। उन्होंने पारंपरिक बिहारी खान-पान विशेषकर दही की काफी सराहना की और विधायक के परिवार के सौम्य व्यवहार की प्रशंसा की। वहीं पत्रकारों के सवालों पर विधायक अनंत सिंह ने कहा कि उनसे पुरानी मित्रता है, इसलिए वे जाते वक्त भेंट करने आए थे। सियासी और फिल्मी गलियारों में यह भी चर्चा है कि सोनू सूद की टीम विधायक अनंत सिंह के जीवन पर आधारित किसी प्रोजेक्ट या फिल्म की संभावनाओं को लेकर विचार कर रही है।
बता दें कि फिल्मों में अभिनय के साथ-साथ अपनी सामाजिक पहलों और मानवीय कार्यों के लिए पहचाने जाने वाले सोनू सूद इससे पहले बेगूसराय के बाढ़ प्रभावित दियारा इलाकों में नाव से राहत सामग्री और राशन बांटने पहुंचे थे। पटना में आवास पर मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं और समर्थकों में अभिनेता के साथ तस्वीर खिंचवाने को लेकर काफी उत्साह देखा गया।
