बोकारो में चित्रगुप्त पूजा की तैयारी तेज: भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जुटेगा चित्रांश समाज

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

सामाजिक एकजुटता और उत्थान पर जोर, जनवृत-1 में समीक्षा बैठक कर बनी ऐतिहासिक आयोजन की रूपरेखा

बोकारो, 27 सितम्बर 2026 : बोकारो इस्पात नगर के जनवृत-1 में आगामी भगवान चित्रगुप्त पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के भव्य आयोजन को लेकर चित्रांश समाज ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्री चित्रगुप्त महापरिवार विकास एवं कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यक्रम को सुचारू, अनुशासित और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न प्रबंधों व रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता वी.एम. बक्शी ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष संजय सिन्हा ने कहा कि चित्रगुप्त पूजा मात्र एक पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह कायस्थ समाज को एक सूत्र में पिरोने, आपसी सौहार्द बढ़ाने और सामाजिक चेतना के विस्तार का सशक्त माध्यम है। उन्होंने समाज के समग्र उत्थान के लिए सामूहिक एकजुटता को अनिवार्य बताते हुए सभी सदस्यों से आयोजन को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की।

समिति के महासचिव अनल कुमार ने आगामी रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए स्पष्ट किया कि वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना के उपरांत इस वर्ष एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना तथा नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। उन्होंने क्षेत्र के सभी चित्रांश परिवारों से सपरिवार शामिल होने का आह्वान किया।

समीक्षा बैठक में समिति के प्रमुख पदाधिकारियों व सदस्यों में सुनील श्रीवास्तव, सुशांत शिशिर, ए.के. सहाय, अंशुमाली श्रीवास्तव, तरुण श्रीवास्तव, राहुल, अतुल, राजीव रंजन, सुमन, विवेक और संचित उपस्थित रहे। वहीं महिला मोर्चा की ओर से शिल्पी बक्शी, गुंजिता सिन्हा, तुलिका श्रीवास्तव, प्रिया श्रीवास्तव समेत समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Verified by MonsterInsights