– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, 18 नवंबर तक पूरी होंगी नागरिक सुविधाएं; सीएम के आगमन की तैयारी
बोकारो, 27 सितम्बर 2026 : संताल आदिवासी समाज की अगाध आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के वैश्विक केंद्र ललपनिया स्थित पवित्र लुगुबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ में राजकीय महोत्सव-2026 की प्रशासनिक तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो गई हैं। बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने प्रशासनिक टीम के साथ पवित्र धोरोमगाढ़ पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जिले सहित समूचे राज्य में सुख, शांति, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की मंगलकामना की। इसके उपरांत उन्होंने ललपनिया के श्यामली गेस्ट हाउस में जिला स्तरीय अधिकारियों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं टीटीपीएस प्रबंधन के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की गहन समीक्षा की।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय वार्षिक राजकीय महोत्सव से संबंधित सभी बुनियादी व प्रशासनिक प्रबंध 18 नवंबर तक अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए कार्यों के त्वरित निष्पादन का आदेश दिया गया है। संपूर्ण मेला क्षेत्र, पहाड़ी मार्गों और प्रमुख दर्शनीय स्थलों का सौंदर्यीकरण प्राकृतिक परिवेश के अनुकूल हरे और सफेद रंग के संयोजन से किया जाएगा। पहाड़ी पर मुरपा तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सोलर लाइटों की मरम्मत, खतरनाक मोड़ों पर मजबूत बैरिकेडिंग और प्राकृतिक चट्टानों पर लिखे अनधिकृत विज्ञापनों को तत्काल हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

देश-विदेश से पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और यातायात प्रबंधन के लिए सेक्टर-वार वैकल्पिक पार्किंग, स्पष्ट साइनेज और प्रवेश-निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जा रहे हैं। गोमिया, बोकारो रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से श्रद्धालुओं के परिवहन के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था का जिम्मा जिला परिवहन विभाग को सौंपा गया है। अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर मेला क्षेत्र की सभी दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया गया है।
स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मेला परिक्षेत्र और पहाड़ी रास्तों पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, 24 घंटे जलापूर्ति और चलंत शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। शौचालयों की नियमित सफाई की जिम्मेदारी चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद को सौंपी गई है। श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए वन विभाग द्वारा पर्यावरण-अनुकूल बांस के बेंच और कूड़ेदान लगाए जाएंगे। संपूर्ण क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था सीसीटीवी, ड्रोन कैमरों और वॉकी-टॉकी से लैस सुरक्षा बलों की निगरानी में रहेगी।
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार, भोजन वितरण, शेड और पार्किंग स्थलों की स्पष्ट जानकारी देने वाला समन्वित रोडमैप प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा। समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, एसडीओ बेरमो मनोज कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क रवि कुमार, आयोजन समिति के सदस्य बबुली सोरेन, सुरेंद्र, रोबिन हेंब्रम सहित टीटीपीएस के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
