–संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
क्यूआर कोड स्कैनिंग के साथ सघन पेट्रोलिंग के निर्देश, आगामी त्योहारों के मद्देनजर असामाजिक तत्वों और एनएच के ढाबों पर कड़ी नजर
बोकारो, 28 सितम्बर 2026 : जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, अपराध नियंत्रण तथा नागरिकों की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बोकारो पुलिस अधीक्षक ने रविवार की देर रात चास थाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रात्रि गश्ती दल, टाइगर मोबाइल और रक्षक राइडर्स की सक्रियता, तैनाती और प्रभावशीलता की जमीनी हकीकत परखी। त्योहारों के आगामी मौसम को देखते हुए पुलिस प्रमुख ने सुरक्षा तंत्र को पूरी तरह मुस्तैद रहने का स्पष्ट संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गश्ती दलों और रक्षक राइडर्स को कड़े निर्देश दिए कि वे थाना क्षेत्र के सभी संवेदनशील व चिन्हित स्थानों, बैंक, एटीएम, आवासीय कॉलोनियों, सुनसान इलाकों और पूर्व में चोरी की घटनाओं से प्रभावित क्षेत्रों में क्यूआर (QR) कोड स्कैन करते हुए अनिवार्य रूप से सघन गश्त करें। इसके साथ ही, देर रात बिना किसी ठोस कारण के सड़कों पर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी पहचान तथा बाहर निकलने के उद्देश्य की विधिवत जांच व पूछताछ की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध व आपराधिक गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी, नशाखोरी, जुआ, बाइक स्टंट और ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का आदेश दिया। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) किनारे स्थित होटलों और ढाबों में अवैध शराब की बिक्री व सेवन पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना या अपराध की स्थिति में अब सीधे गश्ती दल की जवाबदेही तय की जाएगी, इसलिए सभी थाना क्षेत्रों के जवान पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
