–संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय के डीन को नई दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान, अकादमिक जगत में खुशी की लहर
सासाराम (रोहतास), 28 सितम्बर 2026 : गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय (GNSU), जमुहार के वाणिज्य संकाय के डीन-सह-विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आशुतोष द्विवेदी को उच्च शिक्षा, शोध, अकादमिक नेतृत्व एवं नवाचार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘एक्सीलेटर एक्स पुरस्कार 2026’ (Accelerator X Award 2026) से नवाजा गया है। यह राष्ट्रीय सम्मान नई दिल्ली स्थित द लीला पैलेस में आयोजित एक भव्य एवं गरिमामयी समारोह में प्रदान किया गया।
विख्यात संस्था एक्सेंट इंफो मीडिया पब्लिकेशन द्वारा आयोजित इस वार्षिक सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, शोध, प्रबंधन और नवाचार के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले, दूरदर्शी नेतृत्व प्रदान करने वाले तथा समाज पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को पहचान दिलाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है।
प्रोफेसर आशुतोष द्विवेदी ने उच्च शिक्षा के आधुनिकीकरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, स्तरीय शोध, कुशल अकादमिक प्रशासन, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम नवाचार तथा तकनीक-आधारित आधुनिक शिक्षा प्रणाली के विकास में दीर्घकालिक और महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सम्मान ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने विद्यार्थियों, सहयोगी शिक्षकों, मार्गदर्शकों और विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा और शोध के क्षेत्र में निरंतर नए प्रतिमान स्थापित करने के लिए और अधिक प्रेरित करेगा।
इस गौरवमयी उपलब्धि पर गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय प्रबंधन, वाणिज्य संकाय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा निरंतर अकादमिक प्रगति की कामना की है।
