–संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कार्यशाला आयोजित, अदालती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और समय की बचत के लिए ICJS का डिजिटल कदम
बोकारो, 28 सितम्बर 2026 : न्यायिक प्रक्रिया को गति देने और पुलिस कार्यप्रणाली को हाईटेक बनाने के उद्देश्य से बोकारो पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में eSummons App (ई-समन ऐप) से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक नाथु सिंह मीणा (आईपीएस) की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र में जिले के पुलिस अधिकारियों को ऐप के तकनीकी संचालन और उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी गई।
eSummons App एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) के तहत तैयार किया गया है। इस प्रणाली के जरिए न्यायालय से जारी होने वाले समन और कानूनी नोटिसों को इलेक्ट्रॉनिक रूप से प्रेषित, ट्रैक और मोबाइल के माध्यम से तामिला कराया जा सकेगा। अब संबंधित मामलों के अनुसंधानकर्ता (आईओ) सीधे मोबाइल ऐप के जरिए समन का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। इस डिजिटल व्यवस्था से न्यायिक व पुलिस कार्यप्रणाली में पूरी पारदर्शिता आएगी और समन तामिला में लगने वाले अनावश्यक विलंब पर प्रभावी रोक लगेगी।
कार्यशाला में ट्रेनर मृत्युंजय कुमार (FM) द्वारा पुलिस अधिकारियों को ऐप डाउनलोड करने, रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया तथा अदालती समनों को ऑनलाइन ट्रैक कर तामिला रिपोर्ट अपलोड करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ऐप पर तुरंत निबंधन सुनिश्चित करें और न्यायालय से प्राप्त होने वाले सभी समनों व नोटिसों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निष्पादन करें।
इस प्रशिक्षण सत्र में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सेक्टर-4 व बीएस सिटी थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार राणा, अखिलेश कुमार, कुमार विक्रम सिंह, मनीष कुमार गुप्ता, शशिभूषण गोप, सतेन्द्र पासवान, नित्यानन्द भोक्ता, सहायक अवर निरीक्षक पुसन पाहन एवं रज्जी अहमद उपस्थित रहे।
