रांची में CA छात्रों की दो दिवसीय मेगा कॉन्फ्रेंस ‘दिव्यता’ 3 अक्टूबर से, 600 से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

आईसीएआई रांची शाखा और सीआईसीएसए की संयुक्त मेजबानी, टैक्स, ऑडिट और ब्रांड बिल्डिंग पर मार्गदर्शन देंगे देशभर के विशेषज्ञ

रांची, 01 अक्टूबर 2026 : द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के बोर्ड ऑफ स्टडीज ऑपरेशन के तत्वावधान में आगामी 3 और 4 अक्टूबर को सीए विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय राष्ट्रीय मेगा कॉन्फ्रेंस ‘DIVYATA – A Vision Beyond Boundaries’ आयोजित की जाएगी। डोरंडा स्थित जेएपी-1 (JAP-1) के शौर्य सभागार में होने वाले इस सम्मेलन की मेजबानी आईसीएआई रांची शाखा और रांची शाखा सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन (CICASA) संयुक्त रूप से कर रही है।

आईसीएआई रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन और सीआईसीएसए के अध्यक्ष सीए हरेंद्र भारती ने बताया कि सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से 600 से ज्यादा सीए विद्यार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान संवर्धन, आधुनिक कौशल विकास और विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।

सम्मेलन के दौरान डायरेक्ट टैक्स, ऑडिट एवं एश्योरेंस, फाइनेंशियल रिपोर्टिंग और कैपिटल मार्केट्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित होंगे। इनमें सीए विजय सारदा, सीए ऋषभ जैन, सीए सार्थक जैन और सीए शिवम पालन विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। वहीं स्किल-अप सत्रों में सीए अक्षांश गर्ग, सीए अभिनव शाह, सीए आशीष कालरा और सीए ईशा वर्मा विद्यार्थियों को पहले प्रयास में सीए परीक्षा पास करने, पढ़ाई और पेशे में संतुलन साधने तथा निजी ब्रांड स्थापित करने के गुर सिखाएंगे।

कार्यक्रम में बोर्ड ऑफ स्टडीज ऑपरेशन के उपाध्यक्ष सीए ज्ञान चंद्र मिश्रा और सीआईसीएसए के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए नितिन गुप्ता समेत कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहेंगे। ज्ञानवर्धक सत्रों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए 500 रुपये पंजीकरण शुल्क रखा गया है, जिसके लिए विद्यार्थी आधिकारिक पोर्टल bosactivities.icai.org पर आवेदन कर सकते हैं।

Verified by MonsterInsights